शेरघाटी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेंद्र सिंह ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सोशल मीडिया पर निजी फोटो वायरल करने की धमकी देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
मामला 03 अप्रैल 2025 का है, जब पीड़ित ने आमस थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा अश्लील वीडियो भेजे जा रहे हैं और वह धमकी दे रहा है कि उसकी बहन का निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इस संबंध में आमस थाना कांड संख्या-96/25 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
विशेष छापामारी अभियान के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी छोटु कुमार, पिता-राजेश प्रसाद गुप्ता, निवासी-गांव सिरिस, थाना-बारूण, जिला-औरंगाबाद को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में एएसपी शैलेंद्र सिंह ने आम लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट, फोटो या वीडियो शेयर न करें। ऐसे कार्य कानूनन अपराध हैं और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।












