जहानाबाद हाल ही में जहानाबाद के सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर अपनी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उनके प्रयासों से राष्ट्रीय राजमार्ग 110 (नया 33) और राजाबाजार रेलवे ओवरब्रिज की परियोजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।
सांसद के इस बयान पर एनडीए नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि यह दावा पूरी तरह भ्रामक है। उनका कहना है कि दोनों परियोजनाएं केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की देन हैं, न कि वर्तमान सांसद की। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद और बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव हमेशा एनडीए सरकार द्वारा किए गए कार्यों का श्रेय लेने की कोशिश करते हैं।
पूर्व सांसद का पलटवार
पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “राष्ट्रीय राजमार्ग 110 का चौड़ीकरण, बाईपास निर्माण और राजाबाजार रेलवे ओवरब्रिज जैसी परियोजनाएं हमारी डबल इंजन सरकार द्वारा शुरू की गई थीं। इनका डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तब तैयार हुआ था, जब सुरेंद्र यादव सांसद भी नहीं थे। ऐसे में यह दावा करना कि यह उनकी मेहनत का नतीजा है, जनता को गुमराह करने जैसा है।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि सांसद बनने के बाद से सुरेंद्र यादव ने कोई ठोस कार्य नहीं किया है और केवल राजनीतिक लाभ के लिए प्रेस बयानबाज़ी कर रहे हैं।
जदयू नेताओं का बयान
जदयू जिलाध्यक्ष दिलीप कुशवाहा ने कहा कि वर्तमान सांसद अपने नेता तेजस्वी यादव की तरह दूसरों के कामों का श्रेय लेने की प्रवृत्ति अपना रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “माल महाराज के, मिर्जा खेले होली” की कहावत इनके ऊपर पूरी तरह लागू होती है।
वहीं, जदयू नेता निरंजन केशव प्रिंस ने सवाल उठाया कि “सुरेंद्र प्रसाद यादव जनता को बताएं कि अपने एक साल से अधिक कार्यकाल में उन्होंने जहानाबाद और अरवल के विकास के लिए कौन सा नया काम किया है और संसद भवन में इस क्षेत्र से जुड़े कितने सवाल उठाए हैं।”
विकास की असली तस्वीर
एनडीए नेताओं ने कहा कि इन परियोजनाओं के पीछे पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी की कड़ी मेहनत और केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं का परिणाम है। उन्होंने संसद में लगातार आवाज़ उठाई, मंत्री से पत्राचार किया और प्राथमिकता के आधार पर कार्यों को स्वीकृति दिलवाई।
जनता से अपील
एनडीए नेताओं ने जनता से अपील की कि वे तथ्यों और वास्तविकताओं को समझें। उन्होंने दोहराया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 110 और राजाबाजार ओवरब्रिज का कार्य अब धरातल पर उतर रहा है, और यह पूरी तरह से डबल इंजन सरकार की उपलब्धि है।
इस मौके पर जदयू उपाध्यक्ष राजू पटेल, प्रखंड अध्यक्ष रणधीर पटेल, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अजय चौरसिया, जदयू सचिव मनीष शर्मा, मीडिया सेल अध्यक्ष मधेश्वर यादव, जदयू नेता मनोज चंद्रवंशी, पंकज राकेश, मुरारी यादव और प्रवीण दांगी मौजूद रहे। उक्त जानकारी जदयू जिला प्रवक्ता रजनीश बीकू ने दी।












