मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं के मानदेय बढ़ाने की घोषणा की।
नई व्यवस्था के तहत अब आंगनबाड़ी सेविका को 7,000 रुपये के स्थान पर 9,000 रुपये और आंगनबाड़ी सहायिका को 4,000 रुपये के स्थान पर 4,500 रुपये मानदेय मिलेगा।
सीएम ने कहा कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य सुधार में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके योगदान को देखते हुए ही यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने याद दिलाया कि नवंबर 2005 में सरकार बनने के बाद से ही गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के पोषण स्तर और जीवन स्तर में सुधार के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किया जा रहा है। इसके तहत समेकित बाल विकास परियोजना (ICDS) से जुड़ी छह प्रकार की सेवाएं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से लाभुकों को उपलब्ध कराई जाती हैं।
सीएम ने भरोसा जताया कि मानदेय में वृद्धि से सेविकाओं और सहायिकाओं का मनोबल बढ़ेगा और समेकित बाल विकास सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी।












