गयाजी। महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस योजना के तहत राज्य की सभी महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। रोजगार स्थापित होने के बाद उसे आगे बढ़ाने के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहयोग भी दिया जाएगा।
योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जीविका महिला ग्राम संगठन के माध्यम से तीन तरह के आवेदन प्रपत्र भरवाए जा रहे हैं। इसमें स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं के साथ-साथ अब तक समूह से नहीं जुड़ी महिलाओं को भी जोड़ा जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि गांव और शहर दोनों क्षेत्रों की महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि समूह से जुड़ने के लिए कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं की गई है। यह प्रक्रिया लगातार चलती रहेगी। कई जगहों पर अंतिम तिथि को लेकर फैली अफवाहों पर भी रोक लगाते हुए कहा गया है कि पात्र हर महिला को इस योजना का लाभ मिलेगा।












