Sunday, March 15, 2026
HomeBiharफर्जी नियुक्ति और गबन के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा, दौलतपुर विद्यालय में...

फर्जी नियुक्ति और गबन के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा, दौलतपुर विद्यालय में तालाबंदी

कोंच।कोंच प्रखंड क्षेत्र के केर पंचायत अंतर्गत दौलतपुर गांव में मंगलवार को शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्य विद्यालय दौलतपुर में ताला जड़ दिया और सभी शिक्षकों को विद्यालय से बाहर कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में एक फर्जी शिक्षक की बहाली की गई है और यह सब कुछ बीईओ (प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी) की मिलीभगत से हो रहा है।

गांव के वार्ड सचिव धनंजय कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नवीन कुमार, जो पहले प्रधानाध्यापक रह चुके हैं, उन्होंने सचिव के फर्जी हस्ताक्षर कर विद्यालय की विकास राशि हड़प ली। पिछले 10 वर्षों में लगभग 5 लाख रुपये की निकासी की गई है। इतना ही नहीं, नवीन कुमार द्वारा बिना किसी शैक्षणिक प्रमाण पत्र के धीरेन्द्र कुमार नामक फर्जी शिक्षक की बहाली भी कर दी गई, जिसके खिलाफ ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं।

ग्रामीण धनंजय कुमार, सुधीर कुमार, विकास कुमार, पंकज कुमार, रणधीर कुमार, सोनू कुमार, जयप्रकाश कुमार, विशाल कुमार, प्रिंस कुमार, नीतीश कुमार यादव, सुकू यादव, जितेंद्र यादव, महेंद्र यादव, रामप्रवेश यादव एवं मुन्नी यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि जब तक इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक विद्यालय में तालाबंदी जारी रहेगी।

इधर, केर पंचायत के मुखिया शशि कुमार भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से मांग की है कि विकास राशि में हुए गबन और फर्जी बहाली के पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी नवीन कुमार, फर्जी शिक्षक धीरेन्द्र कुमार और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Most Popular

error: Content is protected !!