वजीरगंज।वजीरगंज नगर पंचायत के बैजनाथपुर गांव में हुई चोरी का पर्दाफाश करने में पुलिस जुटी हुई है। बुधवार को इसके लिये पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की सहायता ली। चोरी करने के समय चोरों द्वारा हाथ लगाये गये अटैची एवं कपड़ों को सुंघाकर चोरों के आने-जाने के रास्तों की तफ्तीश की गई। थानाध्यक्ष वेंकटेश्वर ओझा ने बताया कि खोजी डॉग घटना स्थल से निकलकर घर के पिछवाड़े तक गया और वहां से मुख्य सड़क वजीरगंज-फतेहपुर तक जाकर रूक गया। वहीं श्वान दस्ता की कार्रवाई को देखने के लिये ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी तथा सभी चोरी का जल्द से जल्द उद्भेदन करने की आश पुलिस से लगाते दिखे। यह बता दें कि मंगलवार को बैजनाथपुर के पंकज कुमार के घर में चोरी होने की बात पता चली, तब से अभी तक क्षेत्र में केवल चोरी की चर्चा गर्म है।












