गयाजी।गयाजी जिला कांग्रेस सहकारिता विभाग के जिला अध्यक्ष कुमार ओंकार शक्ति के आवास बाटा मोड़ पर बिहार के प्रथम दलित मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दलित समाज के वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस के जिला प्रवक्ता अशोक प्रसाद भारती ने की। सर्वप्रथम उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद सभी वक्ताओं ने उनके जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भोला पासवान शास्त्री न केवल बिहार के प्रथम दलित मुख्यमंत्री थे, बल्कि महात्मा गांधी से प्रभावित होकर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भागीदारी निभाई और देश को आज़ादी दिलाने में अहम योगदान दिया। उन्होंने दलित समाज को राजनीतिक चेतना देने के साथ समाज में समानता और न्याय की अलख जगाई।
वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शास्त्री जी के दिखाए मार्ग पर चलकर बिहार और देश की सेवा के लिए समर्पित हों।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस सहकारिता विभाग के जिला अध्यक्ष कुमार ओंकार शक्ति, जिला महासचिव धर्मेंद्र शर्मा, खिजरसराय प्रखंड अध्यक्ष नवल किशोर शर्मा, सेवादल के कोऑर्डिनेटर कैलाश यादव, अमित कुमार सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों को याद करते हुए सामाजिक न्याय और सेवा की राह पर चलने का संकल्प लिया।












