गया के वजीरगंज थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड सीआरपीएफ जवान के साथ मारपीट हुई है। आरोप है कि घर के सामने रास्ते पर मकान बनाने का विरोध करने पर इनकी पिटाई हुई है।
बुजुर्ग बिच्छा गांव निवासी 72 साल का अर्जुन प्रसाद बिंदु है। इनके साथ 9 दिन पहले 3 सितंबर को दबंगों ने मारपीट की। मामला तपोवन वजीरगंज रास्ता का है। पूर्व उच्च विद्यालय बिच्छा के पास पीड़ित का मकान है।
मकान में दुकान और निजी स्कूल चलता है। आरोप है कि कुछ दबंग मुख्य रास्ते पर अतिक्रमण कर मकान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। यह जमीन आम रास्ता है और सर्वे नक्शे में नाला दर्ज है, जो बिहार सरकार की संपत्ति है।
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप*
अर्जुन प्रसाद ने इस अतिक्रमण की शिकायत अंचल अधिकारी और थानाध्यक्ष से की। इसके बाद दबंगों ने उनके साथ मारपीट की। घायल अवस्था में उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज और फिर मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।












