चार गिरफ्तार, झारखंड बॉर्डर के दो इंट्री माफिया चिन्हित।
शेरघाटी। आमस पुलिस ने अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आमस थाना क्षेत्र से अवैध कोयला लदे छह ट्रकों को जब्त किया है। इस कार्रवाई में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि झारखंड बॉर्डर से अवैध कोयला परिवहन कराने वाले दो इंट्री माफियाओं की भी पहचान की गई है।
सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शेरघाटी एएसपी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 दिसंबर 2025 को आमस थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि डोभी की ओर से अवैध रूप से कोयला लदे कई ट्रक आमस थाना क्षेत्र से गुजरने वाले हैं।
महापुर मोड़ पर घेराबंदी, मौके से ट्रक जब्त
सूचना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें जिला खनन पदाधिकारी, आमस थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। टीम ने महापुर मोड़ के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही ट्रक छोड़कर भाग रहे लोगों को खदेड़कर चार व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से अवैध रूप से कोयला लदे छह ट्रकों को जब्त किया गया।
इस मामले में आमस थाना कांड संख्या 348/25, दिनांक 14.12.2025 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।












