गया।बिहार के गया जी के एक थाने में विषधर गेहूंअन सांप चला आया. करीब 5 फीट का विषधर गेहूंअन सांप देखे जाने के बाद पुलिसकर्मियों में भय का आलम बना रहा. कई दिनों तक थाने के पुलिसकर्मी सांप के ठिकाना बदलते रहने के बीच हड़कंप में रहे. हालांकि चौथे दिन सांप को किसी तरह से पकड़ा गया और फिर उसे जंगल की ओर छोड़ दिया गया. सांप के पकड़े जाने और फिर जंगल की ओर छोड़े जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली.
थाने में घुसा विषधर गेहूंअन सांप
यह मामला गया जी के फतेहपुर थाना का है. जानकारी के अनुसार फतेहपुर थाना परिसर में एक बिषधर गेहूंअन सांप घुस आया. सांप के थाना परिसर में कई स्थानों पर देखे जाने के बाद सभी पुलिसकर्मी परेशान थे. बताया जाता है, कि विषधर सांप को थाने के दारोगा संजय कुमार के कमरे में भी देखा गया. इसके बाद उसे थाने के सिरिस्ता भवन में भी देखा गया. इसके बाद तो जैसे पुलिसकर्मियों की नींद उड़ गई.
रविवार से भय के माहौल में थे
गेहूंअन साहब को देखे जाने के बाद पुलिसकर्मी काफी भय के माहौल में थे. विषधर गेहूंअन सांप लगातार अपना ठिकाना बदलकर थाने में इधर-उधर चला जा रहा था. ऐसे में पूरे थाने के पुलिसकर्मियों के बीच हङकंप था स्थिति यह थी, कि कई पुलिसकर्मी रात भर जगकर भी रह रहे थे. रविवार से यह स्थिति बनी थी. इस बीच सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञ को बुलाया गया.
सिरिस्ता और गोपनीय शाखा के बीच छुपा मिला
सांप पकङने वाले विशेषज्ञ को बुलाए जाने के बाद उसने अपना काम करना शुरू किया. सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञ को भी विषधर गेहूंअन सांप को पकड़ने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब 3 घंटे तक मशक्कत चलती रही. गोपनीय शाखा और सिरिस्ता के कमरे इस क्रम में कुछ देर के लिए बंद कर दिए गए, ताकि गेहूंअन सांप को पकड़ा जा सके. फिर आखिरकार किसी तरह से घंटों की मशक्कत के बाद विषधर गेहूंअन सांप को पकड़ लिया गया. गेहूंअन सांप के पकड़े जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने जहां राहत की सांस ली, वही सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञ सुभाष सिंह ने विषधर गेहूंअन को गुरपा जंगल की ओर छोड़ दिया गया.
एक विषधर गेहूंअन सांप थाने में लगातार देखा जा रहा था. इससे पुलिसकर्मी में थोड़ा हङकंप हुआ था. सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञ को बुलाया गया. काफी मशक्कत के बाद विषधर सांप को पकङा गया और फिर गुरपा जंगल की ओर छोड़ दिया गया है.












