औरंगाबाद।गोह विधानसभा क्षेत्र के बंदेया गांव में हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं। “ज्यादा बोलोगे तो धान में आग लगा देंगे और खयला बिना मर जाओगे जैसी धमकियों के बीच एक किसान की आशंका सच साबित हो गई। देर रात गांव निवासी बबलू शर्मा के खलिहान में असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी, जिससे करीब पांच बीघा धान की फसल जलकर खाक हो गई।
पीड़ित के अनुसार, आगजनी की यह घटना सुनियोजित प्रतीत होती है। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले ही बंदेया थाना परिसर में एसडीपीओ दाउदनगर दिनभर कैंप करते रहे थे। उसी दिन गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में पुलिस और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे, लेकिन अब तक किसी भी पक्ष की एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
सुबह होते ही खलिहान में आगजनी की खबर फैलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद प्रशासनिक कार्रवाई न होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
अब देखना यह है कि इस मामले में भी पीड़ित पक्ष की फरियाद सुनी जाती है या नहीं, और क्या दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो पाती है।












