आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
वजीरगंज।वजीरगंज-फतेहपुर रोड में मंगलवार को एक ट्रक से कुचलकर 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतिका नवादा जिला अंतर्गत परना डाबर थाना क्षेत्र के चूल्हाड़ी गाँव निवासी नरेश प्रसाद यादव की पुत्री अनु कुमारी थी, जो अपने चचेरे ननिहाल केनार में जीतन यादव के यहां एक बर्थडे में आई हुई थी। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आवागमन बाधित कर दिया एवं घटना में शामिल वहां एवं चालक पर कार्रवाई करते हुए उचित मुआवजा की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष नीरज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह पहुंच गए एवं पीड़ित को समझने का प्रयास करने लगे। काफी मशक्कत के बाद परिजन एवं ग्रामीणों को उचित कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए ढाई घंटे बाद शव को अपने कब्जे में लेकर आवागमन सामान्य कराया। इस दरम्यान घटनास्थल के दोनों तरफ दर्जनों गाड़ियां, यात्री वाहन एवं कई बाइक चालक भी फंसे रहे तथा यात्री हलकान रहे।
उसके चाचा ने बताया कि बच्ची के पिता दिमागी रूप से बीमार रहते हैं उनके सर पर गंभीर चोट आई थी। आज यह बच्ची लौटने वाली थी लौट के समय ही दुर्घटना की शिकार हो गई । घटना स्थल के निकट परिजन महिलाओं का रो – रोकर बुरा हाल हो गया था।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान पर संबंधित वाहन चालक एवं मालिक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है, वही घटना में शामिल बालू लोडेड ट्रक को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है तथा चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल भेजा गया है।












