बेलागंज। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिन्दुओं और धार्मिक स्थलों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ विहिप और बजरंग दल के सदस्यों ने विरोध मार्च निकाला । साथ ही बांग्लादेश के राष्ट्रपति यूनुस का पुतला दहन भी किया। विरोध मार्च बजार के सब्ज़ी मंडी से निकलकर विभिन्न मार्ग से गुज़रते हुए बेलाडीह मोड़ के पास पहुँचा जहां लोगों बांग्लादेश के विरोध में नारे लगाते हुए पुतला दहन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिन्होंने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार से मांग की कि वह हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे और उनके खिलाफ हो रहे हमलों को तुरंत रोकने के लिए ठोस कदम उठाए। प्रदर्शन के दौरान, उपस्थित लोगों ने विभिन्न प्रकार के बैनर और पोस्टर लिए हुए थे, जिन पर बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा की मांग की गई थी। प्रदर्शनकारियों ने हिंदू एकता जिंदाबाद और बांग्लादेश सरकार शर्म करो जैसे नारे लगाए। इस अवसर पर युवाओं ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय लगातार उत्पीड़न का शिकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम यहां एकजुट होकर यह संदेश देने आए हैं कि हम अपने भाइयों और बहनों के साथ हैं। हम बांग्लादेश सरकार से अपील करते हैं कि वह हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। इस दौरान जदयू नेता रविशंकर कुमार विहिप नेता धर्मजीत माधुरी ज्योतिष सुमन अतुल माथुर अरविंद अग्रवाल धर्मेन्द्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या लोग शामिल हुए।












