Thursday, March 12, 2026
HomeBiharबेलागंज के काजी दौलतपुर में बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की...

बेलागंज के काजी दौलतपुर में बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी।

बेलागंज।थाना क्षेत्र के काजी दौलतपुर गांव में रविवार की रात हुई चोरी की घटना ने ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक बंद घर को निशाना बनाते हुए घर का ताला तोड़ा और नगदी सहित लाखों रुपये की ज्वेलरी व कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग रात में घर छोड़कर जाने को लेकर आशंकित दिख रहे हैं। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार काजी दौलतपुर गांव निवासी रामनारायण सिंह दो दिन पूर्व अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए थे। इधर चोरों ने घर के अंदर रखे करीब एक लाख रुपये नगद के साथ लगभग बीस लाख रुपये मूल्य की सोने-चांदी की ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब पड़ोसियों ने सुबह घर का दरवाजा खुला देखा। आशंका होने पर उन्होंने तत्काल गृहस्वामी को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर घर के सामान बिखरे पड़े थे और अलमारियां टूटी हुई थीं।इसके बाद पीड़ित गृहस्वामी ने बेलागंज थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडे ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है, आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इधर, लगातार बंद घरों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं से ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

Most Popular

error: Content is protected !!