शेरघाटी थाना क्षेत्र के चांपी गांव में डबल मर्डर केस का खुलासा।
शेरघाटी। शेरघाटी थाना क्षेत्र के चांपी गांव में हुए पति-पत्नी के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। बुधवार को शेरघाटी अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एएसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू, टांगी, दो मोबाइल फोन और खून से सना टी-शर्ट बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर 2025 को शेरघाटी थाना को सूचना मिली थी कि ग्राम चांपी में पति-पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया भेजा गया। इस संबंध में शेरघाटी थाना में कांड संख्या 523/25 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
पुलिस उप-महानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शेरघाटी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस ने इस कांड में संलिप्त मनोज मांझी (पिता कैलाश मांझी, निवासी चांपी) और रघुनी मांझी (पिता धनु मांझी, निवासी महुआडीह), दोनों थाना शेरघाटी, जिला गया को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से दो मोबाइल फोन, मनोज मांझी के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू एवं घटना के दिन पहना गया खून लगा टी-शर्ट तथा रघुनी मांझी के पास से एक टांगी बरामद की गई है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त रघुनी मांझी ने खुलासा किया कि मृतक प्रदीप यादव का मनोज मांझी की पत्नी से अवैध संबंध था, जिस कारण उसके घर में अक्सर विवाद होता था। इसी से आक्रोशित होकर मनोज मांझी ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रदीप यादव की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत खलिहान में सो रहे प्रदीप यादव की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के समय मृतक की पत्नी ने सभी अभियुक्तों को पहचान लिया, इसलिए पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसकी भी हत्या कर दी गई।
इस छापेमारी दल में डीआईओ के अधिकारी संतोष कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर इम्तेयाज अहमद, एसआई रूपा कुमारी, एसआई शिव शंकर कुमार साह, एसआई संतोष कुमार राम एवं शेरघाटी थानाध्यक्ष मोहन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि अन्य दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।












