बेलागंज।बेलागंज प्रखंड में एग्रीस्टैक परियोजना के तहत किसानों की जमीन और फॉर्मर रजिस्ट्रेशन को लेकर पंचायत स्तर पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। बुधवार को एरकी, अक्थू कचनपुर, कोरियामा, भलुआ-2 और पनारी पंचायत में कैंप का आयोजन हुआ, जहां किसान दस्तावेजों के साथ पहुंचे।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी शशांक कुशवाहा ने बताया कि कैंप में कृषि व राजस्व विभाग के कर्मियों की तैनाती की गई है। हालांकि तकनीकी खामियों के कारण कई किसानों का केवाईसी तो हो रहा है, लेकिन फॉर्मर रजिस्ट्रेशन पूरा नहीं हो पा रहा है। किसानों का आरोप है कि अब तक महज पांच प्रतिशत किसानों का ही रजिस्ट्रेशन हो सका है। तकनीकी दिक्कतों और पूर्व सूचना के अभाव में अधिकांश किसानों को निराश लौटना पड़ा। किसानों ने कैंप से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार और तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।












