आमस थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देसी कट्टा व कारतूस के साथ तीन बदमाश गिरफ्तार
आमस (गया)।आमस थाना की पुलिस को अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक देसी कट्टा व कारतूस के साथ तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मो. इमरान, जिशान अली एवं नेहाल खान के रूप में की गई है। पुलिस द्वारा तलाशी के दौरान इनके पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जिसके बाद तीनों को मौके से हिरासत में ले लिया गया। इस संबंध में आमस थाना कांड संख्या 06/26 के तहत धारा 25(1-b)a/26/35 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि तीनों अभियुक्त पूर्व से भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। ये तीनों आमस थाना कांड संख्या 321/25, धारा 310(2) बीएनएस (मुर्गी दाना डकैती कांड) में अप्राथमिकी अभियुक्त थे। पुलिस ने इस मामले में प्रयुक्त हथियार को भी बरामद कर लिया है, जिससे डकैती कांड के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आमस थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से इलाके में आपराधिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस सफलता की सराहना की है।













