वजीरगंज। प्रखण्ड स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक मंगलवार को ट्राईसेम भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे बीडीओ प्रभाकर सिंह ने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों तथा स्वच्छता कर्मियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज भी ऐसे कई बच्चे हैं जिन्हें परवरिश योजना से जोड़ा जा सकता है, लेकिन उनकी कार्यालयों तक पहुंच नहीं हो पाती है, जिसके कारण वे सरकार की ऐसी महात्वाकांक्षी योजना से नहीं जुड़ पाते हैं, कृपया आपलोग उन्हें सही दिशा निर्देशन कर यहां तक पहुंचाएं ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके। वहीं उप प्रमुख जनार्दन पासवान ने बताया कि पाकड़डीह गांव के कुछ ऐसे ही बच्चों की सूची विभाग को उपलब्ध करायी गई है, लेकिन अभी तक उन बच्चों को योजना से नहीं जोड़ा जा सका है। इसके लिए पदाधिकारियों को भी सजग रहकर यहां से लेकर जिला स्तर तक कार्य करना होगा। पंसस आनंद मिलींद, अमैठी मुखिया अशोक पासवान एवं करजरा मुखिया राजकुमार शर्मा ने भी कुछ बच्चों को लाभ दिलवाने की बात कही। इस दरम्यान बीडीओ ने कहा कि इस योजना से वैसे बच्चों को जोड़ा जाना है जिनके माता – पिता की मृत्यु हो गई है या उनके माता – पिता एचआईवी पॉजिटिव हो गए हों या कुष्ठता 40 प्रतिशत से अधिक हो। सभी आंगनबाड़ी स्तर से इसकी पहल करते हुए प्रत्येक वार्ड एवं पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण समिति की बैठक कर समस्याओं का समाधान करते हुए बच्चों का आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र तथा मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाएं ताकि योजना के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। बैठक में बीपीआरओ हरेन्द्र कुमार चौधरी, जिला सलाहकार मिथिलेश कुमार, जिला संसाधन सेवी अमित कुमार, मुखिया पुनिता वैश्यकियार सहित अन्य दर्जनों जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी समूह शामिल रहे।












