गयाजी।राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सह भारतीय जनता पार्टी के नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा गया से दिल्ली की यात्रा के दौरान दुरंतो एक्सप्रेस में एक गंभीर चोरी की घटना के शिकार हुए। गया से मुगलसराय के बीच एसी टू-टायर कोच A2 की सीट संख्या 13–14 पर यात्रा करते समय, जब वे रात में सो रहे थे, उसी दौरान अज्ञात चोरों द्वारा उनका यात्रा बैग चोरी कर लिया गया। सुबह उठने पर जब उन्हें इस घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत कोच अटेंडेंट से की और रेलवे प्रशासन को अवगतकरायाइस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से डॉ. मनीष पंकज मिश्रा को गहरी निराशा हुई। उन्होंने कहा कि प्रीमियम ट्रेन मानी जाने वाली दुरंतो एक्सप्रेस के एसी कोच में भी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने रेल सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे अधिकारियों से मांग की कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।डॉ. मिश्रा ने कहा कि आम जनता अपनी मेहनत की कमाई और जरूरी सामान लेकर यात्रा करती है, ऐसे में चोरी की घटनाएं यात्रियों का भरोसा तोड़ती हैं। उन्होंने रेलवे से अपील की कि सीसीटीवी निगरानी, गश्त और सतर्कता को बढ़ाकर यात्रियों को सुरक्षित और निश्चिंत यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी यात्री इस तरह की पीड़ा का शिकार न हो।












