बेलागंज।सरस्वती पूजा के मद्देनज़र क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बेलागंज और चाकंद थाना की पुलिस ने एहतियातन बड़ी कार्रवाई करते हुए कई लोगों के विरुद्ध दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 107 के तहत नोटिस जारी किया है। चाकंद थाना की पुलिस ने शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए कुल 92 लोगों पर धारा 107 की कार्रवाई की है। वहीं बेलागंज थाना की पुलिस ने 100 लोगों को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध नोटिस भेजा है। पुलिस द्वारा यह कदम पूर्व में हुए विवाद, आपसी रंजिश अथवा संभावित तनाव को ध्यान में रखकर उठाया गया है, ताकि पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें। इस संबंध में बेलागंज थानाध्यक्ष अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने बताया कि सरस्वती पूजा और गणतंत्र दिवस के दौरान किसी भी तरह की अफवाह, उपद्रव या शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।उन्होंने कहा कि एहतियाती कार्रवाई का उद्देश्य लोगों को सतर्क करना और समय रहते संभावित विवादों को रोकना है। अपर थानाध्यक्ष ने आमजन से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












