गयाजी। डेल्हा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अनुग्रह कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोसाईबाग की चार छात्राओं के लापता होने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की गई। परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच प्रारंभ की।
जांच के क्रम में गया जंक्शन से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज में छात्राओं का लोकेशन आरा में पाया गया। तत्पश्चात पुलिस टीम आरा पहुँची जहाँ से जानकारी मिली कि वे बक्सर के लिए प्रस्थान कर चुकी हैं। बक्सर पहुँचने पर यह स्पष्ट हुआ कि छात्राएं दूसरी ट्रेन से दिल्ली जा चुकी हैं।
डेल्हा थाना पुलिस ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से चारों छात्राओं को सुरक्षित बरामद कर लिया है। वर्तमान में दिल्ली न्यायालय से ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी की जा रही है। छात्राओं को बुधवार को गया लाया जाएगा।
वरीय पुलिस अधीक्षक, गयाजी ने बताया कि छात्राओं के बयान दर्ज कर पूरे मामले की गुत्थी सुलझाई जाएगी। साथ ही परिजनों को आश्वस्त किया गया है कि सभी छात्राएं सुरक्षित हैं।












