बेलागंज।चाकंद थाना परिसर में शुक्रवार को एसएसपी सुशील कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में कुल 18 फरियादी पहुंचे, जिन्होंने अपनी-अपनी समस्याएं एसएसपी के समक्ष रखीं। जनता दरबार में प्रशिक्षु आईपीएस दीप्ति मोनाली, एडिशनल एसपी संजय कुमार सिन्हा,विधि-व्यवस्था डीएसपी रवि प्रकाश सिंह, चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार, एसआई दिनेश कुमार महतो, सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं फरियादी मौजूद रहे। फरियादियों की अधिकांश शिकायतें जमीनी विवाद एवं आपसी निजी विवादों से संबंधित रहीं, जिसपर एसएसपी ने गंभीरता से सुनवाई की। जनता दरबार के दौरान चाकंद बाजार में दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण लगने वाले आए दिन के जाम की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। इस संबंध में फरियादियों ने बताया कि सड़क पर अतिक्रमण के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसपर एसएसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चाकंद स्टेशन के समीप चमनडीह गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक गोलंबर निर्माण की मांग भी जनता दरबार में रखी गई।फरियादियों ने बताया कि उक्त स्थान पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिसे देखते हुए गोलंबर का निर्माण आवश्यक है। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को इस मांग पर तथ्यात्मक जांच कर आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया।एसएसपी सुशील कुमार ने सभी फरियादियों की शिकायतों को कलमबद्ध कर संबंधित पदाधिकारियों को जांचोपरांत निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।














