औरंगाबाद जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां एक बेहद गंभीर, संवेदनशील और झकझोर देने वाली खबर है।
घटना हसपुरा थाना क्षेत्र के अमझर शरीफ पंचायत अंतर्गत सैदपुर गांव से जुड़ा है, जहां एक साथ चार नाबालिग बच्चियों द्वारा ज़हर खाने की घटना सामने आई है. यह घटना गुरुवार की बताई जा रही है, लेकिन इसका खुलासा शनिवार को हुआ।
जानकारी के मुताबिक, महादलित समुदाय की चार नाबालिग बच्चियां गांव के पास पइन और तालाब किनारे जाकर एक साथ ज़हर खा लिया और पास के गेहूं के खेत में चली गईं, जहां तड़प-तड़प कर उनकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीण दबी जुबान में घटना की पुष्टि कर रहे हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन के डर से कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है।
नाम न छापने की शर्त पर एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि चारों बच्चियों की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई के भय से एक ही जगह अंतिम संस्कार कर दिया। जब इस मामले में पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इस घटना को लेकर अनभिज्ञता जाहिर की।
इस संदर्भ में दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास से बात करने पर बताया कि अभी हमलोग घटना वाले गांव में पहुंचे हुए हैं। लेकिन कोई भी कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है विशेष जानकारी शाम तक बताते है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसी क्या वजह हुई कि चारों नाबालिग बच्चियों को एक साथ जहर खाने को मजबूर होना पड़ा. क्या इसके पीछे उन पर कोई दबाव था, डर था या कोई सामाजिक कारण। गांव में इतनी बड़ी घटना घट गई और पुलिस को कानों कान तक खबर नहीं हुई,यह कैसे संभव है. सवाल यह उठता है कि गांव वालों ने इसे छुपाया क्यों।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी जिले के रफीगंज प्रखंड के कासमा थाना क्षेत्र के चिरैला गांव में 9 अप्रैल 2022 को एक साथ 6 सहेलियों ने जहर खा लिया था. जिससे पांच की मौत हो गई थी. उस वक्त घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया था.जिसकी चर्चा जिले में ही नहीं पूरे देश में हुई थी।












