Wednesday, March 25, 2026
HomeBiharहथकड़ी में परीक्षा: जहानाबाद के शकुराबाद परीक्षा केंद्र पर दिखा अनोखा नजारा

हथकड़ी में परीक्षा: जहानाबाद के शकुराबाद परीक्षा केंद्र पर दिखा अनोखा नजारा


जहानाबाद जिले के रतनी प्रखंड अंतर्गत परिवेशका उच्च विद्यालय, शकुराबाद स्थित परीक्षा केंद्र पर सोमवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद छात्रों, शिक्षकों और परीक्षा केंद्र प्रबंधन को हैरानी में डाल दिया। आमतौर पर परीक्षार्थी हाथ में कलम और एडमिट कार्ड लेकर परीक्षा देने पहुंचते हैं, लेकिन इस केंद्र पर दो परीक्षार्थी ऐसे भी पहुंचे, जिनके एक हाथ में कलम और एडमिट कार्ड था, तो दूसरे हाथ में हथकड़ी।
हथकड़ी लगाए इन परीक्षार्थियों की पहचान आसिफ अंसारी और बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। दोनों छात्र पुलिस कर्मियों पर हमला करने के आरोप में फिलहाल जेल में बंद हैं। अदालत के आदेश पर उन्हें पुलिस अभिरक्षा में जेल से परीक्षा देने के लिए लाया गया था। दोनों छात्र इंटरमीडिएट की परीक्षा की पहली पाली में शामिल होने पहुंचे थे।
जैसे ही पुलिस की निगरानी में हथकड़ी लगाए छात्र परीक्षा केंद्र पर पहुंचे, वहां मौजूद लोग कुछ पल के लिए सन्न रह गए। इस अनोखे दृश्य को लेकर परीक्षा केंद्र परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। हालांकि, परीक्षा की गरिमा और नियमों को बनाए रखने के लिए स्कूल प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए दोनों छात्रों की परीक्षा के लिए अलग व्यवस्था की।
पुलिस की निगरानी में दोनों छात्रों को एक अलग कमरे में बैठाकर परीक्षा दिलाई गई। इस संबंध में स्कूल के प्राचार्य ने बताया कि अदालत के स्पष्ट आदेश के तहत आसिफ अंसारी और बिट्टू कुमार को पुलिस अभिरक्षा में परीक्षा दिलाई गई है। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह से नियमानुसार और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
यह घटना न केवल कानून और शिक्षा के बीच संतुलन का उदाहरण बनी, बल्कि यह भी दिखाती है कि न्यायिक आदेश के तहत किसी भी छात्र को शिक्षा से वंचित नहीं किया जाता, चाहे परिस्थितियां कितनी भी असामान्य क्यों न हों।

Most Popular

error: Content is protected !!