गया शहर के नवागढ़ी चरियारी कोठी स्थित सृष्टि प्ले स्कूल की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर रविवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यालय परिसर उत्साह, उल्लास और रंगारंग प्रस्तुतियों से सराबोर रहा। कार्यक्रम में नन्हें-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सामूहिक नृत्य, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पधारे शहर के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. संजीत प्रकाश, डॉ. संजय तिवारी, प्राचार्य जय सर तथा प्रचारक रंजीत कुमार द्वारा शहीदों के सम्मान में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद बच्चों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक थीम पर आधारित प्रस्तुतियों से वातावरण को भावविभोर कर दिया।
विद्यालय के निदेशक ऋषि चरियारी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय प्रबंधन निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ कला, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, ताकि बच्चे आत्मविश्वासी और संस्कारवान बन सकें। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्राचार्य कुणाल चरियारी एवं निदेशक ऋषि चरियारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे और बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की प्रशंसा की। पूरे आयोजन ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतिबद्धता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।












