गयाजी।जदयू ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बिहार के 27 जिलाध्यक्षों की नई सूची जारी की है। इस सूची के तहत अजय कुशवाहा को गया जिले का नया जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। यह घोषणा जनता दल यूनाइटेड बिहार पटना से जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से की गई।
अजय कुशवाहा के जिलाध्यक्ष बनने की खबर मिलते ही गया जिले में जदयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। होली के पर्व के अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न भी मनाया गया। समर्थकों का कहना है कि अजय कुशवाहा लंबे समय से संगठन से जुड़े रहे हैं और जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते आए हैं।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के सम्मान को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि पार्टी द्वारा सौंपी गई हर जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन किया जाएगा।
गौरतलब है कि जदयू द्वारा की गई इस नियुक्ति को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि नए नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा जिले में पार्टी की पकड़ मजबूत होगी।












