बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार हुए शामिल
वजीरगंज।माहुरी वैश्य समाज की कुलदेवी माँ मथुरासिनी के नौवें वार्षिक पूजा महोत्सव के अवसर पर हर वर्ष की भांति आज भी वजीरगंज नगर में एक भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। इस ऐतिहासिक शोभायात्रा में बिहार विधानसभा के माननीय अध्यक्ष सह गया के लोकप्रिय विधायक डॉ. प्रेम कुमार मुख्य रूप से शामिल हुए और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
शोभायात्रा के वजीरगंज पहुँचने पर माहुरी वैश्य मंडल के पदाधिकारियों और मथुरासिनी पूजा समिति के सदस्यों ने माननीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच पदाधिकारियों ने माला और अंगवस्त्र पहनाकर उनकी अगवानी की।
शोभायात्रा के दौरान माहुरी समाज के स्त्री पुरुष और बच्चों के जय माँ मथुरासिनी.. के जयकारों से पूरा वजीरगंज गुंजायमान रहा। डॉ. प्रेम कुमार ने समाज के लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर पदयात्रा की और श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, पारंपरिक नृत्य और संगीत ने श्रद्धालुओं और विधानसभा अध्यक्ष का मन मोह लिया।इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि माँ मथुरासिनी की कृपा से समाज में एकता, शांति और समृद्धि बनी रहे। माहुरी वैश्य समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और यह महोत्सव हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करता है। उन्होंने शांतिपूर्ण, भव्य और व्यवस्थित आयोजन के लिए पूजा समिति की सराहना भी की।
कार्यक्रम में माहुरी वैश्य मंडल के पदाधिकारियों सहित मथुरासिनी पूजा समिति के समस्त पदाधिकारी, भारी संख्या में पुरुष, महिलाएँ एवं बच्चे शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन भी मुस्तैद रहा। विधि व्यवस्था एवं यातायात की व्यवस्था को सुदृढ़ करने में उनके सहयोग की जितनी प्रशंसा की जाय कम है।
मथुरासिनी पूजा समिति के सदस्य मनोज कुमार ने बताया कि रात्रि में समाज के प्रतिभावान छात्र छात्राओं के द्वारा रंगारंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा |












