मोतिहारी। सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहारा द्वारा बुधवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सदर मोतिहारी कृष्णकांत के साथ मोतिहारी के गांधी चौक स्थित जुमना होटल एवं अन्य दो होटलों में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान होटलों में घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित कुल सात गैस सिलेंडर पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। इस संबंध में होटल संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने जानकारी दी कि संबंधित संचालकों के खिलाफ टाउन थाना में मामला दर्ज कराया जा रहा है। अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में गैस सिलेंडर की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग व्यवसायिक कार्यो में न करें । इस प्रकार के अवैध उपयोग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुचारू रूप में जारी है। अतः आमजन घबराए नहीं और अपनी आवश्यकता के अनुसार ही सिलेंडर बुक करें। उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे गैस गोदाम पर जाने के बजाय होम डिलीवरी सुविधा का ही लाभ उठाएं।












