बेलागंज। रामनवमी जुलूस के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चाकंद थाना की पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अब तक पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बाजारों से कुल 26 डीजे बॉक्स, 18 डीजे मशीन तथा 3 ट्रॉली को डिटेन किया है। पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि वरीय अधिकारियों के स्पष्ट और सख्त निर्देश के आलोक में यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का स्पष्ट आदेश है कि रामनवमी जुलूस के दौरान किसी भी परिस्थिति में डीजे का उपयोग नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्ती कर रही है और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है। थानाध्यक्ष ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सभी समुदायों के बीच सौहार्द बनाए रखना है और इसके लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां एक ओर प्रशासन की सख्ती साफ झलक रही है।












