बेलागंज। छठ और रामनवमी जैसे प्रमुख पर्वों को देखते हुए प्रशासन ने चाकंद थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों पर अपनी निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में सोमवार को विधि-व्यवस्था डीएसपी रविप्रकाश सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसका मुख्य उद्देश्य संभावित अव्यवस्था पर नियंत्रण और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना था। फ्लैग मार्च चाकंद थाना से शुरू होकर चाकंद गढ़, नबीनगर, डब्बों और ढकाईन जैसे संवेदनशील गांवों तक पहुंचा। इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार रमण भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से संवाद कर यह भी संदेश दिया कि अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। थानाध्यक्ष शिवम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार गश्त और निगरानी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।












