गयाजी। चैती छठ पूजा को लेकर शहर के विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियों का जायजा लेने नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, पूर्व डिप्टी मेयर सह सशक्त स्थाई समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने संयुक्त रूप से पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने घाटों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अंतिम तैयारियों को परखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में सबसे पहले पितामहेश्वर घाट पहुंचे। जहां नगर निगम द्वारा कराई गई साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। हालांकि अस्थायी पुलिया पर लापरवाही देखी गई, जिस पर मेयर ने तत्काल संबंधित कर्मियों को कालीन बिछाने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही जेसीबी से बनाए गए अस्थायी कुंड की चौड़ाई कम पाए जाने पर उसे दोगुना करने का निर्देश भी दिया गया।
इसके बाद जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने ब्राह्मणी घाट, बिंदेश्वरी घाट, सूर्यकुंड, केंदुई, और सूर्य पोखरा सहित अन्य प्रमुख घाटों का भी निरीक्षण किया। हर स्थान पर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए जहां कमी दिखी, उसे तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
मौके पर मेयर गणेश पासवान ने बताया कि चैती छठ के अवसर पर मंगलवार को व्रती डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगे, जिसे लेकर नगर निगम पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि सभी घाटों पर व्रतियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। जिन स्थानों पर पानी की कमी है, वहां जेसीबी से अस्थायी कुंड तैयार किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान जहां कुंड छोटे पाए गए, वहां उनकी चौड़ाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम चैती छठ के साथ-साथ रामनवमी को लेकर भी विशेष तैयारी में जुटा है। लगातार बैठक, समीक्षा और निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं सशक्त स्थाई समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि आज निरीक्षण के दौरान सभी घाटों पर तैयारियों का फाइनल टच देखा गया। जहां भी छोटी-मोटी कमियां मिलीं, उन्हें तुरंत ठीक करने का निर्देश दिया गया है। नगर निगम का प्रयास है कि छठ व्रतियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि सभी घाटों पर नगर निगम के द्वारा साफ-सफाई व्यवस्था, प्रकाश की उपलब्धता, सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। आलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित मुकम्मल के साथ रहे। ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के क्रम में उप नगर आयुक्त, स्वच्छता पदाधिकारी सुभम कुमार, विधुत पदाधिकारी गौरव सिन्हा, सफाई मुख्य पर्यक्षक चन्द्र मोहन चिंटू, जेई-एई सहित अन्य उपस्थित थे।












