आमस। गया जिले के आमस थाना क्षेत्र अंतर्गत बनाही गांव में इमामगंज पुलिस ने कांड संख्या 06/25 के एक कांड के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के घर कुर्की-जब्ती की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनाही गांव निवासी सुनील पासवान, पिता नरेश पासवान, के घर पर मंगलवार को न्यायालय के आदेश के बाद इमामगंज पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और बार-बार नोटिस के बावजूद न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था। इसके बाद न्यायालय से कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया गया, जिसके आलोक में इमामगंज थाना की पुलिस ने आमस पुलिस के सहयोग से दंडाधिकारी की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया हैं।
इस दौरान पुलिस बल की तैनाती की गई थी और पूरी प्रक्रिया को विधि-सम्मत तरीके से पूरा किया गया। कुर्की के दौरान घर में मौजूद सामानों की सूची तैयार कर जब्त किया गया।
आमस थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।












