Tuesday, April 7, 2026
HomeBiharपूर्व छात्रों की चिंता—गिरती शिक्षा गुणवत्ता पर उठी आवाज, सुधार के लिए...

पूर्व छात्रों की चिंता—गिरती शिक्षा गुणवत्ता पर उठी आवाज, सुधार के लिए एकजुट हुए एलुमनाई।

बेलागंज।बेलागंज स्थित अग्रवाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को आयोजित पूर्ववर्ती छात्र समागम समारोह केवल एक मिलन समारोह बनकर नहीं रहा, बल्कि यह कार्यक्रम विद्यालय की गिरती शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन को लेकर गंभीर मंथन का मंच बन गया। बड़ी संख्या में जुटे पूर्व छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने विद्यालय के स्वर्णिम अतीत को याद करते हुए वर्तमान हालात पर चिंता जताई और सुधार के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत पर बल दिया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थापक स्व. गुलाब चंद अग्रवाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर समारोह का औपचारिक उद्घाटन हुआ। समारोह की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित रामप्रवेश सिंह ने की। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यालय के पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय यह संस्थान अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उत्कृष्ट परिणामों के लिए पूरे क्षेत्र में पहचान रखता था, लेकिन वर्तमान में स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा के स्तर में गिरावट और अनुशासनहीनता ने विद्यालय की छवि को प्रभावित किया है। उन्होंने पूर्व छात्रों से आह्वान किया कि वे केवल आलोचना तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। समारोह में पूर्व शिक्षक राम सुमिरन शर्मा, राम अकबाल शर्मा, जनमेजय बाबू, कौशलेंद्र प्रियदर्शी, अभयचंद प्रजापति, अरविन्द शर्मा, रामविनय सिंह, शंभू शरण सिंह, जनक शर्मा, मंटू कुमार गौतम एवं रजनीश कुमार सहित कई वक्ताओं ने भी शिक्षा व्यवस्था में आ रही गिरावट पर नाराजगी जताई। वक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो विद्यालय अपनी पहचान खो सकता है। सभी ने मिलकर अनुशासन बहाली, शिक्षण गुणवत्ता सुधार और छात्रों के समग्र विकास के लिए ठोस कदम उठाने पर सहमति जताई।
कार्यक्रम के दौरान पूर्ववर्ती छात्र संघ की ओर से विद्यालय के विकास में सहयोग देने का संकल्प लिया गया। साथ ही उपस्थित सभी पूर्व छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह के बाद सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें मगध क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजन “बिरंज” को विशेष रूप से परोसा गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संघ के अध्यक्ष रविन्द्र कुमार, संयोजक रविशंकर कुमार, सचिव पंकज कुमार, कोषाध्यक्ष प्रभात कुमार मिश्रा समेत कई सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। इस मौके पर बड़ी संख्या में पूर्व छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यालय के पुनर्निर्माण और गौरव बहाली के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।

Most Popular

error: Content is protected !!