गया। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ पोस्ट गया की टीम ने बुधवार को गया रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से यात्रियों से चोरी किए गए लगभग ₹1.25 लाख मूल्य के आभूषण व दस्तावेज बरामद किए गए।
आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर निगरानी कर रही थी, तभी दिल्ली छोर की ओर दो महिलाएं संदिग्ध अवस्था में बैठी मिलीं। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज बरामद हुए, जो शायरा खातुन के नाम से संबंधित हैं।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान संजीता देवी और अरीना कुमारी, निवासी रोहतास के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने यात्री सामान चोरी करने की बात स्वीकार की।
कार्रवाई के बाद दोनों को जीआरपी थाना गया के सुपुर्द कर दिया गया, जहां कांड संख्या 106/2026 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
