कला-विज्ञान में 40 से 160 सीट, कॉमर्स में 40 नई सीटें आवंटित
-प्रधानाध्यापिका जया सिंह बोलीं–छात्राओं को मिलेगा बड़ा फायदा
वजीरगंज। प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, करजरा के लिए सत्र 2026-28 से बड़ी सौगात मिली है। बिहार सरकार ने यहां इंटर नामांकन के लिए आवंटित सीटों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की है। साथ ही इस सत्र से वाणिज्य संकाय में भी पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
प्रधानाध्यापिका जया सिंह एवं विद्यालय परिवार के प्रयास से कला एवं विज्ञान संकाय में सीटों की संख्या 40-40 से बढ़ाकर 160-160 कर दी गई है। वहीं वाणिज्य संकाय में पढ़ाई शुरू करते हुए 40 सीटें आवंटित की गई हैं। ओएफएसएस पोर्टल के सीडब्लूसीएसएस रिपोर्ट के अनुसार, इंटरमीडिएट कोड 21385 वाले इस विद्यालय में अब कुल 360 सीटें हो गई है|
विद्यालय प्रबंधन का दावा है कि पूरे वजीरगंज प्रखंड में इंटर नामांकन के लिए सबसे ज्यादा सीटें अब उत्क्रमित उच्च विद्यालय करजरा में ही हैं। यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।
प्रधानाध्यापिका जया सिंह ने बताया क़ि सीट बढ़ने से आसपास के गांवों के छात्र-छात्राओं को बहुत फायदा पहुंचेगा। खासकर छात्राओं को, जो दूरी और सुरक्षा कारणों से मैट्रिक के बाद पढ़ाई छोड़ देती थीं, वे अब गांव के पास ही इंटर कर सकेंगी। तीनों संकाय – कला, विज्ञान, वाणिज्य –एक ही छत के नीचे मिलने से बच्चों के विकल्प बढ़ गए हैं।
नामांकन बढ़ने और कॉमर्स शुरू होने की खबर से क्षेत्र के अभिभावकों में खुशी है। अब बच्चों को इंटर के लिए दूर वजीरगंज या गया शहर नहीं जाना पड़ेगा। समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
ओएफएसएस के माध्यम से इंटर सत्र 2026-28 के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। छात्र-छात्राएं पोर्टल पर करजरा विद्यालय कोड 21385 चुनकर आवेदन कर सकेंगे।
