वजीरगंज।प्रखंड के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय भगौसा में मंगलवार को विश्व पृथ्वी दिवस पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. अंजनी कुमार सिंहा के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं ने रंग-बिरंगी कल्पनाओं को कागज पर उकेरा।
प्रतियोगिता में संध्या कुमारी, संजना कुमारी और नंदिनी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सुरभि, अनंतिका और निर्जला को द्वितीय श्रेणी में स्थान मिला। कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षक अक्षय कुमार, सविता कुमारी तथा सुप्रिया दुबे का सराहनीय सहयोग रहा।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. अंजनी कुमार सिंहा ने कहा कि चित्रकला से बच्चों की रचनात्मक सोच और अवलोकन क्षमता बढ़ती है। विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ कला व संस्कृति से जुड़ी गतिविधियां भी जरूरी हैं। उन्होंने सभी विजेता व प्रतिभागी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को विद्यालय परिवार द्वारा पुरस्कृत किया गया।
