बेलागंज।चाकंद थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर मुरकट्टा गांव के समीप गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची चाकंद थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया।
मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। शव की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। युवक के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। घटना की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा शव की पहचान कराने का प्रयास किया। चाकंद थाना पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने और मामले की जांच में जुटी हुई है।
