कचरे के अंबार से बीमारी का खतरा
-मां सविता निवास के पास लगा कूड़े का ढेर
-नाला जाम से जलजमाव
-डीएम से मिलेंगे मुहल्लेवासी
वजीरगंज ।नगर पंचायत वजीरगंज के वार्ड नंबर-8 में आम लोग कचरे के ढेर से उठती दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर हैं। वजीरगंज-फतेहपुर रोड पर मां सविता निवास के समीप सड़क किनारे कूड़े का अंबार लगा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही कचरे से भयानक दुर्गंध उठने लगती है। तेज धूप और हवा में सूखा कचरा उड़कर घरों में चला जाता है। इससे सांस लेना मुश्किल हो रहा है और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।
इस मुहल्ले में दलित, महादलित व सामान्य जाति समेत विभिन्न धर्मों के लोग रहते हैं। संतोष यादव, दिलीप यादव, पप्पू सिंह, अयोध्या साव, दिनेश रविदास, नीरू रविदास सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि सड़क किनारे बना नाला महीनों से जाम है। बारिश का पानी निकल नहीं पाता, जिससे सड़क पर जलजमाव हो जाता है। कीचड़ और गंदगी के कारण पैदल चलना दूभर हो गया है।
मुहल्लेवासियों का आरोप है कि समस्या को लेकर नगर पंचायत और संबंधित विभाग को कई बार मौखिक व लिखित सूचना दी गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कचरा उठाव नियमित नहीं होता और नाला सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है।
वजीरगंज नगर पंचायत के लचर रवैये से नाराज मुहल्लेवासियों ने आपसी बैठक की है। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब जिलाधिकारी, गया के पास सामूहिक आवेदन लेकर जाएंगे और स्थायी समाधान की मांग करेंगे।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कचरा नहीं हटाया गया और नाला साफ नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। बारिश के मौसम में गंदगी से डायरिया, डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
वजीरगंज नगर पंचायत के मुख्य वार्डपार्षद प्रतिनिधि अमर शंकर उर्फ काका सिंह ने बताया क़ि यहां से कचरे को हटाकर अलग डंपिंग पॉइंट के लिये परमानेंट व्यवस्था क़ी ज़ा रही हैबहुत जल्द इसका निपटारा हो जाएगा|
