बेलागंज। बेलागंज थाना क्षेत्र के जफरा गांव में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जफरा गांव निवासी जगेश्वर सिंह के लगभग 30 वर्षीय पुत्र कंचन कुमार ने बुधवार की रात फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि मृतक तीन बच्चों का पिता था। ग्रामीणों के अनुसार कंचन कुमार का अपनी पत्नी के साथ पिछले कुछ महीनों से लगातार विवाद चल रहा था। इसी कारण उसकी पत्नी कुछ माह पूर्व उसे और बच्चों को छोड़कर मायके चली गई थी। पारिवारिक कलह के चलते कंचन कुमार पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में रह रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
