शेरघाटी। बाँकेबाजार प्रखंड के रौशनगंज पंचायत अंतर्गत कुलफत गांव निवासी सतेन्द्र यादव के पुत्र अभय कुमार ने कक्षा 6 की नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में 40वां रैंक हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अभय कुमार की इस सफलता से गांव और आसपास के इलाके में खुशी का माहौल है। अभय ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि लगातार मेहनत और गुरुजनों के मार्गदर्शन से यह मुकाम हासिल हुआ है।
अभय ने बताया कि उन्होंने बालासोत स्थित लक्ष्य कोचिंग सेंटर में रहकर शिक्षक दिलीप कुमार, विकास चहल और सुमित कुमार के निर्देशन में तैयारी की। वहीं, वे आर.आर पब्लिक स्कूल चौगाई के छात्र हैं, जहां से उन्होंने अपनी नियमित पढ़ाई जारी रखी।
नवोदय परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद लक्ष्य कोचिंग सेंटर और डीएमएस पब्लिक स्कूल में अभय कुमार को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षको ने उनकी मेहनत और लगन की सराहना की।
कोचिंग के शिक्षक दिलीप कुमार ने बताया कि अभय शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर था और उसका पूरा ध्यान पढ़ाई पर रहता था, जिसका परिणाम आज सामने है।
अभय कुमार ने अपने भविष्य के लक्ष्य के बारे में बताते हुए कहा कि वह आगे चलकर आर्मी ऑफिसर बनना चाहते हैं और देश की सेवा करना उनका मुख्य उद्देश्य है।












