गयाजी।यूनाइटेड वे बेंगलुरू द्वारा जनपद गया जी, टिकारी परियोजना, से चयनित ५० आंगनवाड़ी सेविकाओं को आई.सी.डी.एस. विभाग के मार्गदर्शन में यूनाइटेड वे बेंगलुरू द्वारा, गर्व होटल एंड रिसोर्ट में प्रथम 1000 दिवस पर विस्तार से प्रशिक्षित किया गया। साथ ही गर्भवती व धात्री महिलाओं एवं 2 वर्ष तक के शिशु के खान-पान एवं देखरेख पर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, डॉ.रश्मि वर्मा, रही। साथ ही सबा सुल्ताना, जिला समन्वयक NNM, श्रीमती कंचन माला,बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, टिकारी, फरहा नाज़, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर और लेडी सुपरवाइजर रूबी कुमारी,की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को विभाग की रीढ़ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
डॉ श्रीमती रश्मि वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि गर्भावस्था से लेकर बच्चे के दो वर्ष की आयु तक के 1000 दिन बच्चे के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवधि में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा की गई जागरूकता एवं मार्गदर्शन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होती है। दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को गर्भवती महिलाओं की देखभाल, पोषण, समय पर ए.एन.सी. जांच, संस्थागत प्रसव, स्तनपान, पूरक आहार, टीकाकरण एवं नवजात शिशु देखभाल जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के उपरांत इस कार्यक्रम को और प्रभावी ढंग से ज़मीनी स्तर पर लागू करने के लिए सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को “प्रथम 1000 दिवस कीट” दिया गया जिससे यह कार्यक्रम का लाभ लाभार्थी को अवश्य प्राप्त हो।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में यूनाइटेड वे बेंगलुरु की टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही, जिसमें सूरज नदाफ, आदर्श गुप्ता, जुलियाना मंचारी, विद्याश्री सहित अन्य टीम सदस्यों, खुशबू कुमारी, कुमारी नैन्सी और सुप्रिया कुमारी, ने सत्रों का संचालन किया। टीम द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सरल भाषा में जानकारी देकर उन्हें अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उन्हें अपने कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से करने में सहायता मिलती है। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण को आयोजित करने की बात कही गई।












