वजीरगंज। प्रखंड के मध्य विद्यालय वजीरगंज में मंगलवार को मुख्यमंत्री बालिका कैंसर प्रतिरक्षण योजना के तहत कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ प्रभाकर सिंह ने टीकाकरण कक्ष का फिता काटकर किया। मौके पर उपस्थित सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ0 नितीन कुमार ने कहा कि यह वायरस मुख्य रूप से महिलाओं को प्रभावित करता है। एचपीवी टीका पूर्ण रूप से सुरक्षित है, इससे प्रतिरक्षित होने के बाद बच्चेदानी के मुंह के कैंसर से बचा जा सकता है। बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह टीका 9-14 आयुवर्ग की बालिकाओं को नि:शुल्क लगाया जा रहा है। फिलहाल यह केवल एक टीका दिया जा रहा है। इसके लिये बच्चियां खाना खाकर आयें एवं उपलब्ध सहमति पत्र भी टीकाकरण स्थल पर जमा कराना होगा। प्रभारी ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन की सहायता से स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा माईक्रोप्लान बनाकर टीकाकरण कराया जा रहा है। पहले दिन 115 छात्राओं में से 70 को टीका लगाकर प्रतिरक्षित किया गया है। मौके पर बीईओ रेणु कुमारी, विद्यालय प्रधानाध्यापक शम्भुशरण सिंह, स्वास्थ्य प्रबंधक सैयद नैयर आजम, चिकित्सक डॉ0 अकबर अली, बीसीएम ओमप्रकाश सिंह, बीएमसी गिरजेश सिंह, एएनएम बिलुंग सुचिता, प्रियांशु प्रिया, प्रेमलता कुमारी एवं सोनी कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
