Wednesday, June 3, 2026
HomeBiharबेलागंज भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बिरजू कुमार उज्ज्वल ने दी प्रधानमंत्री को १२...

बेलागंज भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बिरजू कुमार उज्ज्वल ने दी प्रधानमंत्री को १२ वर्ष के कार्यकाल के लिए बधाई।

बेलागंज ।बेलागंज भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बिरजु कुमार उज्ज्वल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को १२ वर्ष के अनवरत कार्यकाल के लिए बधाई दी और मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भारत के चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबी पारी खेलने वाले हैं। इसके साथ मनीष ने प्रधानमंत्री जी को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री भारत को २०४७ तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को सिद्ध करेंगे और भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।
बिरजु ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के १२ वर्षों के कार्यकाल में उनके १२ ऐसे प्रमुख उपलब्धियों के बारे में मीडिया को बताया।

पहला, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत २०१४ के पहले पाँच सबसे कमज़ोर अर्थव्यवस्था से निकलकर विश्व की सबसे तेज गति से विकसित होने वाली अर्थव्यवस्था बन चुकी है।

दूसरा, प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा अभेद किला बन चुका है। देश को पहली बार नक्सल मुक्त किया गया। आतंकवाद पर करारा प्रहार से जम्मू कश्मीर में आज शांति स्थापित हो पायी। पाकिस्तान में उरी, बालाकोट और ऑपरेशन सिन्दूर के माध्यम से आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया।

तीसरा, प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान ने आज देश को खुले में शौच से मुक्ति दिला दी जिसके कारण महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। जो बच्चियाँ विद्यालय में शौचालय के अभाव में अपनी पढ़ाई बंद कर देती थी, आज वो पढ़ लिख कर भारत की आर्थिक प्रगति में अपना योगदान दे रही हैं।

चौथा, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के अतुलनीय कार्य हुए हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान ने न सिर्फ़ बच्चियों के भ्रूण हत्या पर नकेल कसी है, बल्कि बेटियों को बराबरी का सामाजिक अधिकार देते हुए उनके पढ़ाई लिखाई से लेकर रोजगार के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाया है। सेना में पहली बार महिलाओं को बराबरी का दर्जा प्राप्त हुआ है। अब महिलायें लड़ाकू विमान भी उड़ा रही है और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को माकूल जवाब भी दे रही है। यहाँ तक कि संसद में एक तिहाई आरक्षण देकर हमारे प्रधानमंत्री जी ने देश के महिलाओं का समुचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का प्रयास किया है।

पांचवां, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक देश में एक संविधान, एक निशान और एक प्रधान की संकल्पना को साकार करते हुए धारा ३७० निरस्त करने का मजबूत निर्णय किया है जिसके कारण आज जम्मू-कश्मीर भारत के अन्य राज्यो के साथ शांति और प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

छठा, प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में ही भारत में सर्वसम्मति से जीएसटी जैसे महत्वपूर्ण आर्थिक सुधार हो पाए। आज जीएसटी से प्रति माह २ लाख करोड़ का राजस्व आ रहा है और सरकार इसे विकास के साथ साथ जनकल्याण के लिए खर्च कर रही है।

सातवाँ, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश की गरीबों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने में एतिहासिक सफलता दिलाई है। जन-धन खाता के माध्यम से आज हर ग़रीब के पास अपना बैंक अकाउंट है जिसमे उनके सब्सिडी का पैसा सीधा जाता है।

आठवाँ, प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में भारत कोरोना जैसे महामारी से निपटने के लिए स्वदेशी टीका बनाने में सफल रहा जिसके परिणामस्वरूप देश इस महामारी से लड़ने में और इससे निकलने में सफल रहा।

नौवाँ, प्रधानमंत्री के कार्यकाल में भारत में आधारभूत अवसंरचना का विकास इस गति से हुआ है कि हम आज विश्व के विकसित राष्ट्रों के समकक्ष खड़े हैं। अमेरिका के जैसी एक्सप्रेसवे, वंदे भारत जैसी रेल सुविधाएं, हवाई अड्डों की संख्या में दोगुनी से भी अधिक बढ़ोतरी, हर राज्य में एम्स, आईआईटी की संख्या दोगुनी, इत्यादि बस कुछ उदाहरण मात्र है।

दसवाँ, प्रधानमंत्री के नेतृत्व मे भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य संपन्न हुआ और आज अयोध्या का राम मंदिर सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का माध्यम बन गया है।

ग्यारहवा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत के माध्यम से देशवासियों को निजी अस्पतालों में भी समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की। आज देश में करोड़ों लोग आयुष्मान भारत के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले रहे हैं।

और बारहवाँ, प्रधानमंत्री के प्रयासों से आज भारत की विदेश नीति का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। हम रूस से अपनी दोस्ती बरकरार रखते हुए यूरोप से भी अपने संबंध प्रगाढ़ करने में सफल रहे हैं। हम अमेरिका से व्यापार समझौता के साथ साथ ईरान के साथ भी अपने संबंधों को बेहतर करने में सफल रहे हैं। आज विश्व की सभी शक्तियां हमारे साथ मिलकर चलना चाहते है।

बिरजू ने मीडिया से अपने संवाद के समापन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का इन उपलब्धियों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश जिस गति से विकास के पथ पर अग्रसर है उससे हम अवश्य विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बनेंगे।

Most Popular

error: Content is protected !!