Friday, March 6, 2026
HomeBiharपहले ही प्रयास में यूपीएससी में 298वीं रैंक, बेलागंज की बेटी वैष्णवी...

पहले ही प्रयास में यूपीएससी में 298वीं रैंक, बेलागंज की बेटी वैष्णवी ने बढ़ाया गया और बिहार का मान

बेलागंज।गया जिले के बेलागंज प्रखंड अंतर्गत दादपुर गांव की बेटी सुश्री वैष्णवी ने यूपीएससी परीक्षा में 298वीं रैंक प्राप्त कर अपने परिवार, प्रखंड तथा जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों में गर्व की भावना देखी जा रही है। वैष्णवी के पिता राजीव नयन कुमार कोल इंडिया लिमिटेड में वरीय सर्वे ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। वे पूर्व में झारखंड के रामगढ़ स्थित अरगड्डा एरिया में पदस्थापित थे और वर्तमान में मध्यप्रदेश के सिंगरौली में कार्यरत हैं। उनका मूल निवास गया जिले के बेलागंज प्रखंड के दादपुर गांव में है। वैष्णवी की प्रारंभिक शिक्षा झारखंड के रामगढ़ में हुई। उन्होंने वहां के आर्मी स्कूल से दसवीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने रांची के जवाहर विद्या मंदिर से 11वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास विषय में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। स्नातक के बाद वैष्णवी ने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की और अपनी कड़ी मेहनत, लगन तथा अनुशासन के बल पर पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा में 298वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे बेलागंज क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
वैष्णवी की इस सफलता पर दादपुर गांव सहित बेलागंज प्रखंड के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है और उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वैष्णवी की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और वे भी बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित होंगे।
उनकी इस सफलता से गया जिला और बिहार का नाम भी पूरे देश में गौरवान्वित हुआ है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वैष्णवी बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी और अनुशासित रही हैं तथा उन्होंने हमेशा बड़े लक्ष्य के साथ पढ़ाई की। मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।

Most Popular

error: Content is protected !!