गायघाट ।शहीद पिन्टू सहनी सामाजिक संस्थान की ओर से भटगामा मोड़, बेनीबाद केवटसा चौक के पास 14 सितंबर 2023 को हुए भटगांवा–मधुरपट्टी नाव हादसे के शहीदों की याद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर ग्रामीणों से राय ली गई है और लोग तैयारी में पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. ब्रह्मानंद सहनी होंगे। वहीं, शहीद जुब्बा सहनी शोध सेवा संस्थान दरभंगा के प्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि इस नाव हादसे ने पूरे देश का ध्यान खींचा था, जिसमें कुल 13 लोगों की जान गई थी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने शहीद पिन्टू सहनी को जीवन रक्षक पदक देने और दुर्घटनास्थल पर पुल निर्माण की मांग उठाई थी। इन मांगों के समर्थन में डॉ. ब्रह्मानंद सहनी और उनके सहयोगियों ने कई बैठकों का आयोजन भी किया था।
ग्रामीण मोहम्मद दानिश, महेश कुमार, दिनेश कुमार, समाजसेवी अखिलेश सहनी, राजगीर कुमार, सकीन्दर राय समेत कई लोग इस कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं। समाजसेवी लालू प्रसाद निषाद ने कहा कि “यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम सिर्फ मृतकों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा और जनहित के सवालों को सरकार तक पहुंचाने का माध्यम भी बनेगा।”












