बेलागंज। प्रखंड क्षेत्र के चर्चित एक्सीडेंट प्वाइंट में शामिल फोरलेन स्थित बेला बाजार लिंक रोड पर मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को तुरंत बेलागंज स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एक बड़ी समस्या सामने आई—X-Ray मशीन खराब होने के कारण डॉक्टरों को घायलों की पूरी जांच करने में दिक्कत हुई। स्थिति को देखते हुए करीब 2:15 बजे सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए गया के गोलपत्थर स्थित पीलग्रीम अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस हादसे में पथरा निवासी 60 वर्षीय श्याम सुंदरी देवी को गंभीर चोटें आई हैं, जिनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं भलुआ निवासी 16 वर्षीय सोगरा प्रवीण और 40 वर्षीय जूही खातून को भी कमर और पैर में चोट लगी है। अन्य घायलों को भी हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस खतरनाक मोड़ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बेला बाजार लिंक रोड फोरलेन पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वहीं, राहत कार्य में माले नेता तारिक अनवर के साथ बालापुर के अबू बकर ने सक्रिय भूमिका निभाई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहयोग किया। इस घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया है। स्थानीय अस्पताल में जरूरी सुविधाओं के अभाव, खासकर X-Ray मशीन के खराब रहने से मरीजों को समय पर उचित इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है।
