Wednesday, July 15, 2026
HomeBiharसिमरौर में STF और गया पुलिस की बड़ी छापेमारी, 8 देसी कट्टा...

सिमरौर में STF और गया पुलिस की बड़ी छापेमारी, 8 देसी कट्टा के साथ 4 गिरफ्तार

गया। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत STF और गया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के सिमरौर गांव में संयुक्त छापेमारी कर पुलिस ने 8 देसी कट्टा, 4 जिंदा कारतूस तथा 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर जिलेभर में अवैध हथियार रखने वालों एवं हथियार तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में STF को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमरौर गांव निवासी सनावर खान के घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे गए हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव पहुंचकर संबंधित घर को चारों ओर से घेर लिया और सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान घर में रखे एक ट्रंक से बरामद झोले में 8 देसी कट्टा और 4 जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा मौके से 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

पुलिस ने मौके से सिमरौर गांव निवासी सनावर खान एवं अल्ताफ खान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपित बरामद हथियारों के संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। वहीं दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस मामले में नीमचक बथानी थाना कांड संख्या 131/26, दिनांक 10 जुलाई 2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण एवं अवैध हथियारों के नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

बरामद सामान
• 8 देसी कट्टा
• 4 जिंदा कारतूस
• 4 मोबाइल फोन

Most Popular

error: Content is protected !!