निमचक बथानी (गयाजी)।बीते 30 जनवरी को जिले के महकार थाना क्षेत्र में हुए युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में फैले डर और आक्रोश के बीच पुलिस की सक्रियता रंग लाई। महकार थाना कांड संख्या 13/26 के अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की गुत्थी सुलझा दी है।
इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीमचक बथानी ने जानकारी देते हुए बताया कि हत्या कांड के खुलासे के लिए महकार थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर थाना क्षेत्र के जसडीहा गांव में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमित कुमार (पिता लक्ष्मण चौहान), सुधीर कुमार (पिता नागेश्वर चौहान), प्रदीप कुमार (पिता आनंद चौहान) और धनराज कुमार (पिता रामजी चौहान) के रूप में की गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक चैन स्पोकेट और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है, जो घटना में उपयोग की गई थी। पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस के इस खुलासे से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।












