बेलागंज।बेलागंज थाना क्षेत्र के बेल्हाड़ी गांव से चोरी हुई एक मोटरसाइकिल को पुलिस ने डुमरिया थाना क्षेत्र में बरामद कर लिया है। यह सफलता डुमरिया थाना पुलिस को वाहन जांच अभियान के दौरान मिली। हालांकि पुलिस को देखते ही बाइक पर सवार संदिग्ध युवक मौके से फरार होने में सफल रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 मई 2023 को बेलागंज थाना क्षेत्र के बेल्हाड़ी गांव निवासी जगदेव यादव के धन्नू कुमार की मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी। बाइक चोरी की इस घटना को लेकर पीड़ित धन्नू कुमार ने 11 मई 2023 को बेलागंज थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इसके बाद से ही पुलिस चोरी गई बाइक की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में डुमरिया थाना पुलिस द्वारा नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही बाइक सवार युवक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जब बाइक की जांच की तो उसके इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर पुष्टि हुई कि यह वही मोटरसाइकिल है, जो 4 मई 2023 को बेलागंज थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। जबकि अपराधी बाईक का नंबर प्लेट बदलकर इस्तेमाल कर रहा था। बाइक की पहचान होते ही डुमरिया थाना पुलिस ने उसे जब्त कर लिया और इसकी सूचना बेलागंज थाना को दी। पुलिस अब फरार बाइक चोर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वहीं, चोरी हुई बाइक की बरामदगी से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।












