गयाजी।सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 2026 के अंतर्गत सोमनाथ मंदिर पर हुए आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गया शहर स्थित एक शिवालय में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं मंत्र-जप कर स्वाभिमान पर्व मनाया गया। यह आयोजन भारत की प्राचीन आस्था, संस्कृति और सभ्यता के प्रतीक सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास को स्मरण करने तथा उसके पुनरुत्थान की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से किया गया।
ज्ञात हो कि जनवरी 1026 में ग़ज़नी के महमूद ने सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण कर उसे ध्वस्त कर दिया था। यह आक्रमण केवल एक मंदिर पर नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, धार्मिक आस्था और स्वाभिमान पर किया गया प्रहार था। वर्ष 2026 में उस बर्बर आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं, जिसे भारतीय इतिहास में संघर्ष, धैर्य और पुनर्निर्माण की अद्वितीय मिसाल के रूप में देखा जाता है। सोमनाथ मंदिर का बार-बार पुनर्निर्माण इस बात का प्रमाण है कि भारतीय सभ्यता को किसी भी आक्रमण से मिटाया नहीं जा सकता।
इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा एवं भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता संतोष ठाकुर सहित भाजपा नेताओं ने शिवालय में विधिवत पूजा-पाठ कर भगवान शिव से राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव की रक्षा की कामना की। पूजा के दौरान वैदिक मंत्रों के उच्चारण और आरती के माध्यम से सोमनाथ के गौरवशाली पुनरुत्थान को नमन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने सोमनाथ मंदिर को भारतीय आत्मसम्मान, आस्था और अदम्य इच्छाशक्ति का महान प्रतीक बताते हुए कहा कि यह पर्व आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास से सीख लेने और राष्ट्र के सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रेरित करेगा।












